मेरठ: जटौली गांव में बुधवार शाम पति राशिद से कहासुनी के बाद आबिदा (27) ने बेटी जायरा (5) और बेटे जैद (3) को पानी में घोलकर सल्फास पिला दिया। खुद भी पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन तीनों को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। बेटी जायरा की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि महिला और बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है। मजिस्ट्रेट व थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मजिस्ट्रेट ने महिला के बयान दर्ज किए।

आबिदा, जायरा और जैद
कंकरखेडा थाना क्षेत्र के गांव शोभापुर निवासी राशिद की शादी जटौली गांव निवासी आबिदा से करीब आठ साल पहले हुई थी। दोनों को बेटी जायरा और बेटा जैद हुए। शादी के बाद से राशिद अपनी ससुराल में जटौली में रह रहा है। वहीं पर वह सब्जी फल की फेरी लगाता है। पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम दंपती में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। नाराज राशिद झगड़ा होने पर घर से बाहर निकल गया। गुस्साई आबिदा ने बच्चों समेत सल्फास पी लिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि बच्ची की मौत हो गई है। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
काम पर नहीं जाता था राशिद
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राशिद काफी समय से काम करने नहीं जा रहा था। इससे घर में पैसे का संकट खड़ा हो गया था। आबिदा घर खर्च के लिए राशिद से झगड़ती थी। बुधवार को दंपती की आपस में कहासुनी हो गई। आबिदा ने बच्चों समेत जहर पी लिया। झगड़े के दौरान बच्चे रो रहे थे।
ये खबर भी पढ़े: ऑपरेशन कन्विक्शन: नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को आजीवन कारावास, 50,000 रुपये जुर्माना