स्याना: अमरोहा जनपद की सीमा को कस्बा क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर से जोड़ने वाले गंगा पुल सम्पर्क मार्ग में गंगा की तेज धाराओं के कारण कटान शुरू हो गया है। तीन वर्ष पूर्व 2022 में भी इस मार्ग का 20 फीट हिस्सा गंगा में बह गया था। इसके बाद से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। कटान के खतरे को देखते हुए दोनों जनपदों (अमरोहा और बुलंदशहर) के प्रशासन ने पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है। अमरोहा प्रशासन मिट्टी के हजारों कट्टों के जरिए कटान रोकने की कोशिश में जुटा है। शनिवार शाम हसनपुर के एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। स्याना प्रशासन भी स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है।
12 साल में दूसरी बार कटान
2011 में शुरू हुआ गंगा पुल का निर्माण 2013 में पूरा हुआ था। 12 वर्षों में यह सम्पर्क मार्ग दूसरी बार कटान हुआ है। 2022 में भी भारी बारिश और गंगा के उफान ने मार्ग को क्षतिग्रस्त कर दिया था, जिसकी मरम्मत में काफी समय लगा था।
आमजन और स्कूली बच्चों को परेशानी
पुल बंद होने से अमरोहा और बुलंदशहर के बीच आवागमन ठप हो गया है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंगा पार क्षेत्र से कस्बे के एलिंगुवा पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले दर्जनों बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह रुक गई है। शिक्षकों, सरकारी कर्मचारियों और व्यापारियों का रोजाना का आना-जाना भी प्रभावित हुआ है। यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो शिक्षा, चिकित्सा और व्यापार जैसे क्षेत्रों में गंभीर समस्याएं बढ़ सकती हैं।
ये भी पढ़े:स्याना में महारानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर 15 वां प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
ये भी पढ़े:शिकारपुर: 1096 अवैध नशीली गोलियों के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार