बुलंदशहर: सिकन्द्राबाद थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी आबिद घायल हो गया। पुलिस ने घायल अवस्था में आबिद को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी साजिद और चांद अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मुठभेड़ सिकंदराबाद क्षेत्र के कांवर मार्ग पर नॉर्मल इलाके के पास हुई।
मुठभेड़ में घायल आरोपी बदमाश, वीडियो देखें
सीओ भास्कर मिश्रा की बाइट, वीडियो देखें
पुलिस के अनुसार, ग्राम एतमाद सराय का रहने वाला आबिद एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। सूचना मिली थी कि आबिद अपने साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। पुलिस ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आबिद के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक चोरी की मोटरसाइकिल, एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जांच में पता चला कि बरामद मोटरसाइकिल हापुड़ से चोरी की गई थी। घायल आबिद को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
फरार बदमाशों की तलाश तेज
मुठभेड़ के दौरान आबिद के दो साथी साजिद और चांद मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने उनकी तलाश में क्षेत्र में कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सिकंदराबाद थाना प्रभारी ने बताया कि फरार अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।