शिकारपुर: थाना अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव चेहला में दुष्कर्म के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम के साथ ग्रामीणों ने अभद्र व्यवहार किया और आरोपी को हिरासत से छुड़ा लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस के अनुसार, दरोगा रामेश्वरदयाल शर्मा के नेतृत्व में एक टीम सादे कपड़ों में दुष्कर्म के आरोपी अफजल को पकड़ने गांव चेहला पहुंची थी। अफजल को हिरासत में लेने के बाद पुलिस जैसे ही उसे लेकर वापस लौटने लगी, तभी गांव के प्रधान मोहम्मद रऊफ ने ट्रैक्टर से पुलिस का रास्ता रोक दिया। इसके बाद प्रधान और परचून दुकानदार इनाम ने अन्य ग्रामीणों को बुलाकर पुलिस को बहस में उलझाया। इस हंगामे का फायदा उठाकर भीड़ ने आरोपी अफजल को पुलिस की हिरासत से भगा दिया।
पुलिस ने 11 नामजद, 20 अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
थाना प्रभारी प्रेमचंद शर्मा ने बताया कि इस घटना में गांव के प्रधान मोहम्मद रऊफ, मुजम्मेल, इनाम, हुमायूं, शोएब, रजा मोहम्मद, सत्तार खां समेत 11 लोगों को नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। रास्ता रोकने में इस्तेमाल ट्रैक्टर की जांच में पता चला कि वह पीलीभीत के विजयपाल का है। कागजात न दिखाने पर ट्रैक्टर को सीज कर लिया गया है।
ये भी पढ़े: छतारी में बरसात में ढहा कच्चा मकान,परिवार पर मुसीबत, प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
ये भी पढ़े: गुलावठी के खुशहालपुर गांव में रेलवे अंडरपास के पास मिला अज्ञात युवक का शव, हत्या या हादसा?