Khabar Bulandshahr

बुलंदशहर में बिजली चोरी के लिए कटिया डालने का विवाद खूनी संघर्ष में बदला, तीन महिलाएं घायल, गांव में तनाव

बुलंदशहर: देहात थाना क्षेत्र के गांव सराय छबीला में बिजली का तार डालने को लेकर दो परिवारों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। गांव में दो समुदाय आमने-सामने आ गए। आरोप है कि प्रेमपाल लोधी नाम के युवक ने बिजली चोरी के लिए कटिया डाली, जिससे दूसरे समुदाय के घरों की बिजली गुल हो गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो मारपीट में बदल गई। देखते ही देखते दोनों तरफ से लात-घूंसे चलने लगे।

झगड़े में दोनों समुदायों की कई महिलाएं और पुरुष घायल हो गए। हालात बेकाबू होते देख गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली देहात पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं, हंगामा कर रहे तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बन गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया है, जिससे हालात अब सामान्य हो चुके हैं।

पुलिस की सख्त कार्रवाई, शांति की अपील
देहात थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों के खिलाफ उचित कार्रवाई की बात कही है। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

ये खबर भी पढ़े:भाकियू कार्यकर्ताओं ने दरोगा को गिरा-गिराकर पीटा, 6 गिरफ्तार, 10-15 के खिलाफ FIR

ये खबर भी पढ़े:बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़: 15 हज़ार का इनामी बदमाश घायल, दो गिरफ्तार

हमारी खबरों को साझा करें

अन्य खबरें यहां पढे़