बुलंदशहर: शनिवार को बुलंदशहर में बिजली विभाग के अवर अभियंताओं (जेई) ने हाइडिल कॉलोनी स्थित अधीक्षण अभियंता के कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। जेई संघ ने वेतन न मिलने और वरिष्ठ अधिकारियों के कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे हड़ताल पर जाएंगे, जिससे जिले में बिजली संकट गहरा सकता है।
क्या है जेई संघ की शिकायत?
जेई संघ के पश्चिमी यूपी अध्यक्ष आरसी द्विवेदी ने बताया कि बिजली निगम ने अवर अभियंताओं का वेतन रोक दिया है, जबकि उनसे लगातार काम लिया जा रहा है। हाल ही में शुरू की गई फेशियल अटेंडेंस प्रणाली को इसका कारण बताया जा रहा है। द्विवेदी ने कहा, “जेई को क्षेत्र में काम करने और उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करने की जिम्मेदारी दी जाती है, लेकिन अब फेशियल अटेंडेंस के नाम पर उनका वेतन रोका जा रहा है। यह अव्यवहारिक है कि जेई क्षेत्र में काम करें या कार्यालय में अटेंडेंस लगाएं।”
बुलंदशहर हाईडिल कॉलोनी में मांगों को लेकर नारेबाजी करते जेई
अधिकारियों पर दुर्व्यवहार का आरोप
जेई संघ ने वरिष्ठ अधिकारियों पर मानसिक उत्पीड़न और दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि इस तरह का व्यवहार जेई को मानसिक तनाव में डाल रहा है। प्रदर्शन के दौरान जेई ने जमकर नारेबाजी की और विभागीय कार्यप्रणाली के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया।
हड़ताल की चेतावनी, बुलंदशहर में बिजली संकट का खतरा
जेई संघ ने साफ तौर पर चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें वेतन का नियमित भुगतान और फेशियल अटेंडेंस सिस्टम में सुधार नहीं मानी गईं, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। ऐसी स्थिति में जिले की बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा सकती है, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा।
ये खबर भी पढ़े:स्याना तहसील में अज्ञात ड्रोनों का खौफ: ग्रामीणों में दहशत, कराई मुनादी, रातभर दिया पहरा
ये खबर भी पढ़े: ग्रामीणों ने पंचायत सचिव को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, वीडियो वायरल.. FIR दर्ज