Khabar Bulandshahr

ऑस्टियोजेनेसिस इम्परफेक्टा से पीड़ित मासूम डुग्गू के लिए माता-पिता ने लगाई मदद की गुहार, सांसद चंद्रशेखर आजाद से मिले, सांसद ने दिया हरसंभव सहायता का भरोसा

चिराग त्यागी
स्याना: मोहल्ला राजोवाला निवासी आकाश गौतम और उनकी पत्नी रिशु गौतम ने अपने तीन वर्षीय बेटे डुग्गू गौतम के इलाज के लिए आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण से मदद की गुहार लगाई है। डुग्गू दुर्लभ बीमारी ऑस्टियोजेनेसिस इम्परफेक्टा से पीड़ित है। इसी वजह से उसकी हड्डियाँ इतनी कमजोर हैं कि वह न तो बैठ सकता है और न ही खड़ा हो सकता है। इस बीमारी ने मासूम को स्कूल जाने से भी वंचित कर दिया है। सांसद चंद्रशेखर ने डुग्गू के इलाज के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है।

डुग्गु की मूल खबर यहां पढ़े:बुलंदशहर का ‘नन्हा योद्धा’ डुग्गु: पिता ऑटोचालक, ईलाज के लिए चाहिए 17 करोड़ का इंजेक्शन, सिर उठा नहीं पाता, सीएम, पीएम, अमेरिका के राष्ट्रपति का नाम बताता, बाबा साहेब की कुंडली जानता है ये बच्चा

अलीगढ़ में सांसद से मुलाकात
आकाश और रिशु गौतम अपने बेटे की बीमारी के बारे में बताने और इलाज के लिए सहायता माँगने के लिए अलीगढ़ में सांसद चंद्रशेखर आजाद से मिले। उन्होंने डुग्गू की स्थिति और इलाज में आने वाले खर्चे के बारे में विस्तार से बताया। आकाश ने बताया कि सांसद ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सरकार के माध्यम से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। चंद्रशेखर ने उन्हें 15 जुलाई को डुग्गू की सभी मेडिकल जाँच रिपोर्टों के साथ अपने आवास पर बुलाया है ताकि आगे की प्रक्रिया शुरू की जा सके।

डुग्गु की बीमारी और चुनौतियां
ऑस्टियोजेनेसिस इम्परफेक्टा, जिसे ‘ब्रिटल बोन डिजीज’ भी कहा जाता है, एक दुर्लभ आनुवंशिक बीमारी है, जिसमें हड्डियाँ असामान्य रूप से कमजोर हो जाती हैं और आसानी से टूट जाती हैं। डुग्गू की हालत ऐसी है कि वह सामान्य गतिविधियाँ जैसे बैठना, खड़ा होना या चलना भी नहीं कर पाता। इस बीमारी के इलाज में करोड़ों रुपये का खर्च आता है, जो आकाश और रिशु के लिए वहन करना असंभव है। इस कारण डुग्गू स्कूल जाने और सामान्य बचपन जीने से भी वंचित है।

पहले भी माँगी जा चुकी है मदद
आकाश गौतम ने बताया कि उन्होंने डुग्गू के इलाज के लिए पहले भी देश के प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई है। हालांकि, अभी तक कोई ठोस सहायता नहीं मिल सकी। अब सांसद चंद्रशेखर आजाद के आश्वासन ने परिवार में नई उम्मीद जगाई है।

ये खबर भी पढ़े: तेवतिया सिटी डकैती कांड: पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपियों की गिरफ्तारी को टीमें गठित, एसएसपी के निर्देश पर जांच शुरू

ये खबर भी पढ़े:मूसलाधार बारिश से 200 गांवों की बिजली गुल, बिजलीकर्मियों की हड़ताल ने भी बढ़ाया संकट, शहर से लेकर गांव तक सब परेशान

हमारी खबरों को साझा करें

अन्य खबरें यहां पढे़