बुलंदशहर: डिबाई थाना क्षेत्र में इस बार दशहरे का पर्व एक नए और प्रेरणादायक अंदाज में मनाया गया। मिशन शक्ति फेस 5.0 के तहत डिबाई पुलिस ने रावण दहन के अवसर पर समाज को जागरूक करने और बुराइयों के खात्मे का संदेश देने के लिए एक अनोखी पहल की। हर साल की तरह रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के विशाल पुतले तो बनाए गए, लेकिन इस बार इन पुतलों पर लिखे गए संदेशों ने सभी का ध्यान खींचा।
डिबाई में सामाजिक बुराई के तीन पुतले, वीडियो देखें
डिबाई सीओ शोभित कुमार की बाइट, वीडियो देखें
पुतलों पर दहेज प्रथा, महिला उत्पीड़न और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ नारे लिखे गए थे। इन बैनरों के माध्यम से पुलिस ने यह संदेश दिया कि जैसे रावण का दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, वैसे ही समाज से इन कुरीतियों का अंत होना चाहिए।
डिबाई के सीओ शोभित कुमार ने इस पहल के बारे में कहा, “मिशन शक्ति के तहत हमारा उद्देश्य समाज को महिला अपराध, घरेलू हिंसा और दहेज प्रथा जैसी बुराइयों से मुक्त करना है। दशहरा केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का एक अवसर है। हम चाहते हैं कि लोग इन बुराइयों के खिलाफ जागरूक हों और इन्हें खत्म करने का संकल्प लें।”जब शाम को इन पुतलों का दहन हुआ, तो न केवल रावण के अहंकार का अंत हुआ, बल्कि यह संदेश भी जोर-शोर से गूंजा कि समाज से दहेज, महिला उत्पीड़न और घरेलू हिंसा जैसी बुराइयों को भी जलाकर राख कर देना है।
स्थानीय लोगों ने डिबाई पुलिस की इस पहल की जमकर सराहना की। पुतलों पर लगे बैनर और नारे लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर रहे थे कि त्योहार न केवल परंपराओं को निभाने का माध्यम हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का भी एक सशक्त जरिया हो सकते हैं।
ये भी पढ़े:बुलंदशहर: खुर्जा पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया, दो गिरफ्तार