बुलंदशहर: जिले में रात के समय ड्रोन उड़ाने की अफवाहों और दहशत फैलाने की घटनाओं को लेकर बुलंदशहर पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस ने फर्जी सूचनाएं देने, अफवाहें फैलाने और टॉय ड्रोन या अन्य माध्यमों से भय पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई भी शामिल है
एसएसपी सख्त, पूरा बयान सुनिए, वीडियो
चोला में नशे की हालत में फर्जी सूचना, गिरफ्तारी
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि चोला क्षेत्र में एक व्यक्ति ने नशे की हालत में ड्रोन उड़ाने की फर्जी सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा, “ऐसे तत्व जो अफवाहें फैलाकर जनता में भय पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा।”
पांच टॉय ड्रोन बरामद, कोई मामला सही नहीं
पुलिस ने अब तक जिले में ड्रोन उड़ाने की तमाम सूचनाओं की गहन जांच की है, लेकिन एक भी मामला सत्य नहीं पाया गया। एसएसपी ने बताया कि जांच के दौरान पांच टॉय ड्रोन बरामद किए गए हैं। ज्यादातर अफवाहें फैलाने या दहशत पैदा करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे। उन्होंने कहा, “अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ NSA एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर कठोर कार्रवाई
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने साफ किया कि बिना अनुमति ड्रोन उड़ाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। “यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति ड्रोन उड़ाते पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हम ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेंगे,” उन्होंने चेतावनी दी। यह बयान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस निर्देश के बाद आया है, जिसमें उन्होंने ड्रोन के अवैध उपयोग और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और NSA के तहत कार्रवाई की बात कही थी।
पुलिस की सख्ती से ड्रोन की सूचनाओं में कमी
पुलिस की सख्त कार्रवाई और रात में गश्त बढ़ाने के बाद ड्रोन उड़ाने की सूचनाओं में तेजी से कमी आई है। एसएसपी ने बताया कि पहले जहां रोजाना कई शिकायतें मिल रही थीं, वहीं अब एक रात में केवल चार मामले दर्ज किए गए हैं।
ये खबर भी पढ़े:जहांगीराबाद में महिला की अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग, पति के भतीजे को इंस्टाग्राम पर भेजा, मुकदमा दर्ज