Khabar Bulandshahr

बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण का अवैध निर्माणों पर चला बुल्डोजर, कई अवैध कॉलोनियां की जमींदोज…

बुलंदशहर: बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण (BKDA) ने अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए एक व्यापक ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। अभियान के तहत जोन-3बी के हरिएन्कलेव क्षेत्र में धर्म एन्कलेव के समीप विकसित की जा रही करीब 7 बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी को प्राधिकरण की सचल प्रवर्तन टीम ने स्थानीय पुलिस बल के सहयोग से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इसी तरह, जोन-3ए के चांदपुर रोड पर उदय नगर कॉलोनी में लगभग 6.5 बीघा भूमि पर हो रही अवैध प्लॉटिंग को भी जमींदोज कर दिया गया।

यह कार्रवाई प्राधिकरण के सक्षम अधिकारियों के निर्देशन में संपन्न हुई, जिसमें सहायक अभियंता, अवर अभियंता और अन्य स्टाफ ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानीय पुलिस बल ने भी अभियान के दौरान सुरक्षा और सहयोग प्रदान किया।

प्राधिकरण की उपाध्यक्ष का सख्त संदेश
प्राधिकरण की उपाध्यक्ष डॉ. अंकुर लाठर ने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने जनता से अपील की कि बिना मानचित्र स्वीकृति के कोई भी निर्माण या विकास कार्य न करें और अनधिकृत कॉलोनियों में भूखंडों की खरीद-फरोख्त से बचें। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट www.bkdaup.com पर स्वीकृत कॉलोनियों की सूची उपलब्ध है। इस सूची में शामिल न होने वाली सभी कॉलोनियां अवैध मानी जाएंगी।

जनता के लिए हेल्पलाइन
प्राधिकरण ने जनसाधारण को सलाह दी है कि किसी भी जानकारी या शंका के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 8191978666 पर संपर्क करें। यह कदम अवैध निर्माण और कॉलोनियों पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में प्राधिकरण की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

ये भी पढ़े:“स्वच्छता ही सेवा” पखवाड़े के तहत विशेष सफाई अभियान.. अफसर- कर्मियों ने झाड़ू थाम की सफाई

ये भी पढ़े: विधायक और पालिकाध्यक्ष ने किया रामलीला का शुभांरभ…नारद मोह की लीला हुई संपन्न

हमारी खबरों को साझा करें

अन्य खबरें यहां पढे़