बुलंदशहर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यक्रम ने विवाद खड़ा कर दिया है। गुरुवार को अग्रसेन मंडल की नई कार्यकारिणी के सम्मान समारोह में भाजपा पदाधिकारियों ने गुंडा एक्ट और बीडीसी सदस्य पर गोली चलाने के आरोपी रविंद्र को माला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान रविंद्र ने भाजपा नेताओं के साथ फोटो भी खिंचवाया, जोकि वायरल हो गया। फोटो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद बढ़ने पर भाजपा पदाधिकारियों ने सफाई दी कि रविंद्र को कोई पद नहीं दिया गया है।
ये खबर भी पढ़कर देखें:खुर्जा का मुनि नगलिया बना छाँवनी: सरकारी जमीन पर बिना अनुमति भगवान बुद्ध की मूर्ति लगाने का मामला, 8 नामजद समेत 50 अज्ञात पर मुकदमा
कार्यक्रम में क्या हुआ?
भाजपा के नगर कार्यालय में आयोजित समारोह में मंडल अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा उर्फ बिल्लू पंडित ने नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। जिला उपाध्यक्ष दीपक ऋषि ने पार्टी की नीतियों की जानकारी दी। इस दौरान रविंद्र को भी सम्मानित किया गया, जिसके बाद उसने फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर डाली।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
बताया जाता है कि अगस्त 2024 में रविंद्र ने गांव हीरापुर में बीडीसी सदस्य पर गोली चलाई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जून 2025 में उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई भी हुई थी।
विवाद के बाद सफाई
फोटो वायरल होने के बाद भाजपा पदाधिकारियों ने मीडिया में सफाई दी है कि रविंद्र को कोई पद नहीं दिया गया है। कार्यक्रम में वह किसी कार्यकर्ता के साथ आया था। जिसके चलते उसे भी माला पहना दी गई थी। समारोह में सतीश शर्मा, हिमांशु तोमर, मोहित सक्सेना, गीता सिंह, तरुण पालीवाल, संस्कार वर्मा, आकाश पंडित, प्रतीक शर्मा, शंकी शर्मा, मोहित वाल्मीकि और सुभाष गिहरा मौजूद रहे।
ये खबर भी पढ़े: विश्व जनसंख्या दिवस पर 11 जुलाई को जनसंख्या नियंत्रण कानून के लिए जुलूस निकालेगा जनसंख्या समाधान फाउंडेशन