बुलंदशहर: जिले की नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में मिली-जुली सफलता हासिल की है। केंद्र सरकार द्वारा जारी ताजा रैंकिंग में अनूपशहर नगर पालिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और उत्तर प्रदेश की शीर्ष 20 नगर निकायों में अपनी जगह बनाई। अनूपशहर ने देश में 13वां स्थान हासिल किया, और अधिकारियों का दावा है कि नगर पालिकाओं की श्रेणी में यह प्रदेश में पहले स्थान पर है। दूसरी ओर, डिबाई नगर पालिका सबसे खराब प्रदर्शन के साथ प्रदेश में 656वें और देश में 980वें स्थान पर रही।
सर्वेक्षण का आधार और परिणाम
वर्ष 2024 में केंद्र सरकार ने देशभर के नगर निकायों में स्वच्छता को लेकर व्यापक सर्वेक्षण कराया। बुलंदशहर जिले की नौ नगर पालिकाओं और आठ नगर पंचायतों में सर्वेक्षण टीमों ने विभिन्न मानकों पर निरीक्षण किया। इनमें घर-घर कूड़ा संग्रह, कूड़े का प्रथक्करण, अपशिष्ट निस्तारण, डंपिंग ग्राउंड की स्थिति, बाजार और आबादी वाले क्षेत्रों में सफाई, जलकल संस्थाओं और सामुदायिक शौचालयों की स्वच्छता शामिल थी।
ये खबर भी पढ़कर देखें:मक्का खरीद में कम दाम के खिलाफ किसानों का हल्ला बोल, कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन, डीएम को सौंपा मांग पत्र
अनूपशहर की उपलब्धि
अनूपशहर नगर पालिका ने इस सर्वेक्षण में शानदार प्रदर्शन किया। कूड़ा प्रथक्करण में 45%, अपशिष्ट निस्तारण में 99%, और बाकी सभी मानकों में 100% अंक हासिल कर अनूपशहर ने स्वच्छता के मामले में अपनी मजबूत स्थिति साबित की।
डिबाई की निराशाजनक स्थिति
वहीं, डिबाई नगर पालिका का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। सर्वेक्षण में इसे कूड़ा प्रथक्करण में 40%, घर-घर कूड़ा संग्रह में 80%, अपशिष्ट निस्तारण में 35%, बाजार क्षेत्रों की सफाई में 33%, और सार्वजनिक शौचालय व जलकल संस्थाओं की सफाई में शून्य अंक मिले। इस कारण डिबाई रैंकिंग में सबसे निचले पायदान पर रही।
बुलंदशहर और अन्य निकायों का प्रदर्शन
बुलंदशहर नगर पालिका ने पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया। 2023 में 46वें स्थान पर रही बुलंदशहर नगर पालिका इस बार 15 स्थान ऊपर चढ़कर 31वें स्थान पर पहुंची। सिकंदराबाद, स्याना, और शिकारपुर नगर पालिकाओं की रैंकिंग में भी सुधार देखा गया। हालांकि, सिकंदराबाद, शिकारपुर, जहांगीराबाद, डिबाई, अनूपशहर, और खुर्जा की रैंकिंग में पिछले वर्ष की तुलना में कुछ गिरावट भी दर्ज की गई।
नगर पंचायतों में नरौरा अव्वल, छतारी-पहासू फिसड्डी
नगर पंचायतों में नरौरा ने जिले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में 133वीं रैंक हासिल की। दूसरी ओर, छतारी और पहासू नगर पंचायतें स्वच्छता के मामले में सबसे पीछे रहीं। छतारी को देश में 1254वीं और प्रदेश में 707वीं, जबकि पहासू को देश में 1094वीं और प्रदेश में 705वीं रैंक मिली।
ये खबर भी पढ़े:बुलंदशहर हाईवे पर सड़क दुर्घटना में तीन कांवड़िया घायल, अस्पताल में उपचार के बाद डिस्चार्ज किए
ये खबर भी पढ़े: बुलंदशहर हाईवे पर सड़क दुर्घटना में तीन कांवड़िया घायल, अस्पताल में उपचार के बाद डिस्चार्ज किए