बुलंदशहर: क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ बदमाश बॉलीवुड की मशहूर फिल्म अक्षय कुमार स्टारर ‘स्पेशल 26’ की तरह फर्जी CBI अधिकारी बनकर एक व्यापारी के घर में घुस गए और लाखों रुपये की लूट को अंजाम देकर फरार हो गए। यह वारदात इतनी योजनाबद्ध और सफाई से अंजाम दी गई कि परिवार को शुरुआत में कोई शक तक नहीं हुआ।

अनूपशहर के मोहल्ला पोखर निवासी बिल्डिंग मैटेरियल व्यापारी शंकर भगवान अग्रवाल के घर चार-पांच बदमाश पहुंचे। उन्होंने खुद को CBI अधिकारी बताते हुए कार्रवाई करने का बहाना बनाया। उनके विश्वसनीय हाव-भाव और बातचीत से परिवार को कोई संदेह नहीं हुआ, और उन्होंने बदमाशों को घर के अंदर आने दिया। घर में घुसते ही बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए। इसके बाद उन्होंने ‘तलाशी’ के नाम पर घर की सेफ और अलमारियां खंगालीं। इस दौरान उन्होंने करीब 5 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। परिवार के विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें हथियारों का भय दिखाया और कानूनी कार्रवाई की धमकी दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बदमाशों ने वारदात से पहले व्यापारी के घर और आसपास की गतिविधियों की गहन रेकी की थी। उन्हें पता था कि घर के आसपास कोई CCTV कैमरा नहीं है और व्यापारी का बेटा उस समय दुकान पर जाएगा। बदमाश इतनी सफाई से फरार हुए कि उनका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले का खुलासा जल्द ही कर दिया जाएगा।
ये खबर भी पढ़े: बुलंदशहर में यहां खुले नाले में फंसी एम्बुलेंस, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप… जिम्मेदार मौन
ये भी पढ़े: बुलंदशहर में दर्दनाक रेल हादसा: महिला की मौत, 10 साल की बेटी गंभीर रूप से घायल