Khabar Bulandshahr

बुलंदशहर: PNB बैंक में 1.25 करोड़ की बड़ी ठगी, बैंक मैनेजर और बैंक मित्र सहित 6 शातिर साइबर ठग गिरफ्तार

बुलंदशहर: जिले में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की क्षेत्रीय श्री गांधी आश्रम शाखा से खाताधारकों के साथ हुई करोड़ों रुपये की ठगी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने कुल 1 करोड़ 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बैंक मैनेजर और बैंक मित्र भी शामिल हैं।गिरफ्तार आरोपियों में बैंक मैनेजर अजय कुमार, बैंक मित्र आकाश कुमार और साइबर ठग सचिन कुमार, रोचित, निर्भय तथा अनिकेत शामिल हैं।

बरामद सामग्री, वीडियो देखें

पुलिस को गिरफ्त में आरोपी, वीडियो देखें

प्रेस वार्ता का वीडियो देखें

एसएसपी बुलंदशहर डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने साइबर ठग सचिन और बैंक मित्र आकाश कुमार पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन, ठगी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, प्रिंटर, लैपटॉप, दर्जनों फर्जी चेक बुक, कैंसिल चेक और अन्य सामग्री बरामद की है।

मामला उस समय सामने आया जब बैंक के कई खाताधारकों ने लगातार लेनदेन में हेराफेरी की शिकायतें कीं। पीड़ितों ने क्राइम ब्रांच थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि बैंक मैनेजर अजय कुमार और बैंक मित्र आकाश कुमार की मिलीभगत से खाताधारकों को फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) कराने के नाम पर ठगा जा रहा था।

आकाश कुमार ने साइबर ठग सचिन कुमार को बैंक में नौकरी पर रखा था। दोनों मिलकर बिना ग्राहकों की जानकारी के उनके खातों से पैसे निकालते और उसे मां पूनम, पिता विजय कुमार, भाई अनिकेत, सचिन, निर्भय, ताऊ कुवंरपाल और भाई के दोस्त रोचित के खातों में ट्रांसफर कर देते थे।

आरोपियों ने 40 से 50 खातों से बिना वाउचर या चेक के 100 से अधिक बार अवैध ट्रांजेक्शन कर धनराशि का गबन किया। यह पूरी साजिश बैंक के अंदरूनी लोगों की मदद से ही संभव हो पाई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की साइबर टीम ने कड़ी मेहनत से इस गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और बरामद सामग्री के आधार पर आगे की जांच जारी है।

ये भी पढ़े: बुलंदशहर: औरंगाबाद कस्बे में युवकों में जमकर मारपीट, CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल

ये भी पढ़े: बुलंदशहर: बकरी से दुष्कर्म के आरोपी पूर्व एडीओ गजेंद्र की जेल में हार्ट अटैक से मौत.. बुलंदशहर जिला कारागर में थे बंद

हमारी खबरों को साझा करें

अन्य खबरें यहां पढे़