भारत गोयल
जहांगीराबाद: भजन गायिका दीपा सिंह पर मृत चिकित्सक अरुण बंसल की पत्नी डॉ. रूचि बंसल ने गंभीर आरोप लगाए हैं। डॉ. रूचि ने दीपा सिंह पर अपने पति से अवैध संबंध बनाकर उनकी संपत्ति हड़पने की कोशिश करने, जालसाजी करने और उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर कब्जाने का आरोप लगाया है। डॉ. रूचि ने दीपा पर उनकी हत्या की साजिश रचने का आरोप भी भजन गायिका पर लगाया है। इस मामले में जहांगीराबाद पुलिस ने दीपा सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायती पत्र में डॉ. रूचि ने बताया कि उनके पति डॉ. अरुण बंसल की मृत्यु 20 दिसंबर 2024 को हरियाणा के मानेसर में बीमारी के कारण हो गई थी। दोनों के बीच तलाक का मुकदमा कोर्ट में चल रहा था। उच्च न्यायालय ने 26 मार्च 2019 को डॉ. अरुण को दूसरी शादी करने से मना किया था। डॉ. रूचि ने आरोप लगाया कि दीपा सिंह ने फर्जी तरीके से जहांगीराबाद के पुख्ता बाजार के पते पर आधार कार्ड बनवाया, जबकि वह कभी वहां रही ही नहीं।
ये खबर भी पढ़कर देखें:उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक का सपा पर तीखा प्रहार, PDA पाठशाला मामले में FIR पर दी प्रतिक्रिया… बुलंदशहर में डीएम करेंगी स्वास्थ्य विभाग की भर्तियां
जालसाजी का गंभीर आरोप
डॉ. रूचि ने दावा किया कि दीपा सिंह ने जालसाजी कर डॉ. अरुण के मृत्यु प्रमाण पत्र में खुद को उनकी पत्नी के रूप में दर्ज करवाया और जिलाधिकारी को झूठा शपथ पत्र देकर वारिस के रूप में अपना नाम शामिल कर लिया। इसके जरिए दीपा ने डॉ. अरुण की संपत्ति हड़पने की साजिश रची।
लाइसेंसी रिवॉल्वर गायब
शिकायत में यह भी आरोप है कि दीपा सिंह ने डॉ. अरुण की लाइसेंसी रिवॉल्वर भी हड़प ली। डॉ. रूचि के अनुसार, उनके पति की मृत्यु के बाद यह रिवॉल्वर न तो किसी शस्त्रागार में जमा की गई और न ही पुलिस स्टेशन में। वहीं, जहांगीराबाद के पुलिस अधिकारी ने बताया कि चिकित्सक के बेटे ने मई 2025 में रिवाल्वर थाने में जमा करा दी थी।
मर्डर की साजिश का दावा
सबसे गंभीर आरोप में डॉ. रूचि ने कहा कि दीपा सिंह उनकी हत्या की साजिश रच रही है और इसके सबूत उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने एसएसपी से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शुरू की जांच स्थानीय पुलिस ने डॉ. रूचि की शिकायत के आधार पर दीपा सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
ये खबर भी पढ़े:डिबाई में आम के पेड़ पर लटका मिला दिव्यांग युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी