बुलंदशहर: भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के बैनर तले आज बुलंदशहर में किसानों का आक्रोश सड़कों पर दिखेगा। भाकियू जिलाध्यक्ष चौधरी अरब सिंह के नेतृत्व में किसान अपनी लंबित मांगों को लेकर दोपहर करीब 1:30 बजे शहर के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ कलेक्ट्रेट की ओर कूच करेंगे। अनुमान है कि इस विरोध प्रदर्शन में 500 से अधिक ट्रैक्टर शामिल होंगे। किसानों ने अपने साथ खाट और हुक्के भी लाने का एलान किया है।
किसानों की मांगें: गन्ने का बकाया, यूरिया की किल्लत, नकली खाद और बिजली अफसरों की मनमानी
चौधरी अरब सिंह ने बताया कि गन्ना किसानों का चीनी मिलों पर करीब 70 करोड़ रुपये का बकाया है, जिसके लिए उन्हें बार-बार मिलों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मिल मालिकों और जिला प्रशासन के बीच सांठगांठ है। इसके अलावा, यूरिया की कमी के कारण किसान समय पर फसल नहीं बो पा रहे हैं। बाजार में नकली खाद की बिक्री ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। कृषि विभाग के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए किसानों ने कहा कि उनकी अनदेखी से फसलों को नुकसान हो रहा है। आवारा पशुओं की समस्या भी गंभीर है, जो किसानों की फसलों को बर्बाद कर रही है। बिजली विभाग की मनमानी भी किसानों के लिए सिरदर्द बनी हुई है। स्मार्ट मीटर लगने से बिजली बिल बढ़ गए हैं, और ट्यूबवेल पर जबरन मीटर लगाए जा रहे हैं।
ये भी पढ़े:पत्नी को ढूंढने वाले को 30 हजार रुपए का इनाम, युवक ने जमकर काटा हंगामा
किसानों का ऐलान: मांगें पूरी होने तक नहीं लौटेंगे गांव
किसानों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे बुलंदशहर से अपने गांव वापस नहीं जाएंगे। भाकियू नेता चौधरी अरब सिंह ने कहा, “हमारा आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक प्रशासन और सरकार हमारी समस्याओं का समाधान नहीं करती।”पुलिस प्रशासन सतर्क, शहर में कड़ी सुरक्षा
किसानों के इस प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। बुलंदशहर के सभी प्रवेश मार्गों—भूड़ चौराहा, स्याना अड्डा चौराहा, गुलावठी तिराहा, तहसील तिराहा, खुर्जा रोड, मामन रोड और शिकारपुर बाईपास—पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।
क्या है किसानों का प्लान?
किसान भूड़ चौराहे, स्याना अड्डा, गुलावठी तिराहे और अन्य मार्गों से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ बुलंदशहर में प्रवेश करेंगे और कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे। प्रदर्शन के दौरान वे अपनी मांगों को जोर-शोर से उठाएंगे और प्रशासन पर दबाव बनाएंगे।
ये भी पढ़े: जहांगीराबाद में साइबर ठगी का शिकार हुआ युवक, क्रिप्टोकरंसी के नाम पर गंवाए 4.60 लाख रुपये