Khabar Bulandshahr

कलेक्ट्रेट में किसानों का हल्ला बोल: तीन मांगों पर बनी सहमति, 20 करोड़ का तुरंत हुआ गन्ना भुगतान, खतौनी विवाद और आवारा पशुओं पर लगेगी लगाम

बुलंदशहर: भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के बैनर तले बुधवार को बुलंदशहर में हजारों किसानों ने विशाल प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष चौधरी अरब सिंह के नेतृत्व में लगभग 500 ट्रैक्टरों का काफिला लेकर किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे। दोपहर 1:30 बजे से शुरू हुई नारेबाजी के साथ किसानों ने खाट और हुक्के लाकर कलेक्ट्रेट पर डेरा डाल दिया। इससे प्रशासन के सामने उनकी मांगों को गंभीरता से लेने का दबाव बढ़ गया। देर रात तक चली वार्ता में किसानों की तीन मांगें मान ली गई।

20 करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान तुरंत हुआ

किसानों की प्रमुख मांग चीनी मिलों पर बकाया लगभग 70 करोड़ रुपये का भुगतान थी। प्रदर्शन के दबाव में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही 20 करोड़ रुपये का भुगतान करवाया। शेष राशि को जल्द से जल्द जारी करने का आश्वासन भी दिया गया। चौधरी अरब सिंह ने बताया कि किसानों का यह आंदोलन उनकी मेहनत के हक को सुनिश्चित करने के लिए था।

आवारा पशुओं और खतौनी विवाद का भी समाधान
किसानों ने आवारा पशुओं की समस्या और खतौनी विवाद का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया। फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले आवारा पशुओं के समाधान के लिए प्रशासन ने एक कमेटी गठित करने का फैसला किया। साथ ही, खतौनी से जुड़े विवादों को 25 अगस्त तक निपटाने का वादा किया गया।

किसानों के कलेक्ट्रेट में डटने की खबर यहां भी पढ़े: कलेक्ट्रेट में ट्रैक्टर लेकर घुसे किसान, बुलंदशहर में गूंजती रही किसानों की आवाज, हर तरफ दिखे ट्रैक्टर ही ट्रैक्टर.. किसान नेताओं का एलान.. मांगे पूरी नहीं हुई तो कलेक्ट्रेट ही होगा डेरा

शांतिपूर्ण वार्ता, देर रात लौटे किसान
देर रात वार्ता के बाद शांतिपूर्ण समापनप्रदर्शन के बाद देर रात एडीएम प्रशासन प्रमोद पांडेय और भाकियू जिलाध्यक्ष चौधरी अरब सिंह के बीच वार्ता हुई। तीनों प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद किसान शांतिपूर्वक कलेक्ट्रेट से लौट गए। प्रदर्शन के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

ये भी पढ़े:नशे में धुत बहन के घर पहुंचा, बहन से बदतमीजी की तो बात चाकूबाजी तक जा पहुंची, चाकू की छीनाझपटी में हुआ भाई का मर्डर.. मां ने कहा, जांच कर बेटी के खिलाफ कार्रवाई हो

हमारी खबरों को साझा करें

अन्य खबरें यहां पढे़