बुलंदशहर: डिबाई कोतवाली क्षेत्र के गांव कसेर कला में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के भाई ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका के भाई का बयान सुनिए
दवा लेने के लिए निकली थी घर से
मृतका का नाम आसिया बताया गया है, जो गोविंदपुर गांव में ब्याही थी। उसकी शादी पिछले साल ही हुई थी। मृतका के भाई आरिफ ने बताया कि दो दिन पहले आसिया अपनी ससुराल से यह कहकर निकली थी कि वह दवा लेने जा रही है, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। तीसरे दिन उसका शव उसके मायके, कसेर कला में मिला। आरिफ ने कहा, “मेरी बहन के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे और शरीर पर कट के निशान भी पाए गए हैं। इससे साफ लगता है कि उसकी हत्या की गई हो।”
परिवार का आरोप
आरिफ ने पुलिस से मामले की गहन जांच की मांग की है। उनका कहना है कि ससुराल से किसी तरह के विवाद की कोई जानकारी नहीं थी, लेकिन शव की हालत को देखकर हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि पुलिस इस मामले की तह तक जाए और दोषियों को सजा दे।”
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही डिबाई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया, “प्रारंभिक जांच में मृतका के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।”