Khabar Bulandshahr

क्या फिर ‘काल्पनिक हजाम’? बुगरासी में आधी रात को चोटी काटने की घटना, पुलिस जांच में जुटी.. वर्ष 2017 में ‘चोटी कटवा’ हुआ था मशहूर

बुलंदशहर: बुगरासी कस्बे के मोहल्ला पड़ियों वाला में बीती रात स्थानीय निवासी इरफान की 44 वर्षीय पत्नी गुलिस्ता की चोटी रात के समय काट दी गई। चोटी कटने की पहली घटना को सामान्य तौर पर ही देखा जा रहा है। लेकिन इस घटना ने वर्ष 2017 में चोटी कटने वाली घटनाओं की याद दिला दी। तब ‘चोटी कटवा’ शब्द बहुत मशहूर हुआ था। बीबीसी जैसे संस्थानों ने इसे ‘काल्पनिक हजाम’ तक नाम दिया था। खबर बुलंदशहर न्यूज पोर्टल बुलंदशहर वासियों से अपील करता है कि किसी भी तरह की अफवाह में आने और उसे फैलाने से बचें।

चोटी कटने की यह घटना बुगरासी कस्बे में चर्चा का विषय बनी हुई है। गुलिस्ता ने बताया कि वह रात करीब 12 बजे अपने परिवार के साथ घर में सो रही थीं। तभी उन्हें अपने बालों में खिंचाव और कटने का अहसास हुआ। आंख खुलने पर उन्होंने देखा कि दो अज्ञात लोग छत के रास्ते भाग रहे हैं। उन्होंने तुरंत अपने पति को पुकारा, जिसके बाद शोर सुनकर घुसपैठिए वहां से चले गए। सुबह जांचने पर उनकी चोटी कटी हुई मिली। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कस्बे के लोगों से किसी भी अफवाह से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।

2017 में तीन राज्यों में फैली थी अफवाह
अब से करीब 8 साल पहले 2017 में तीन राज्य उत्तरप्रदेश, दिल्ली और हरियाणा में चोटी कटने की घटनाएं सामने आई थी। गोरखपुर में तो एक युवती की चोटी उसके पिता राम मिलन पासवान ने ही काट दी थी। युवती को बेहोश होने की बीमारी थी। पिता कई जगह भटका, लेकिन वह ठीक नहीं हो सकी। पुलिस की जांच में सामने आया कि पिता बेटी को लेकर ओझा चंद्रभान के पास पहुंचा तो उसने पिता से कहा कि चोटी काटकर लाओ, बेटी की बीमारी ठीक हो जाएगी। पुलिस के खुलासे के बाद गोरखपुर वासियों ने काफी राहत की सांस ली थी।

ड्रोन की अफवाहों से पहले ही जूझ रही पुलिस
बुलंदशहर समेत पश्चिमी यूपी में पुलिस पहले ही ड्रोन उड़ने की अफवाहों से जूझ रही है। गुलावठी में तो ड्रोन उड़ाने के शक में एक मंदबुद्धि को पीट दिया गया। हालांकि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को सबक भी सिखाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लोग किसी भी तरह की अफवाह फैलाने से बचें? कोई अफवाह को बढ़ावा देता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ये खबर भी पढ़े: जेई संघ की हड़ताल से बुलंदशहर में बिजली आपूर्ति पर संकट, टीजीटू बनाए जाएंगे बिजलीघर प्रभारी.. चीफ इंजीनियर ने एमडी से अनुमति मांगी

ये खबर भी पढ़े: खुर्जा में कार पार्किंग विवाद में मोड़, गोली नहीं लगी, किसान की हुई थी बेरहमी से पिटाई, आरोपियों ने की हवाई फायरिंग

हमारी खबरों को साझा करें

अन्य खबरें यहां पढे़