Khabar Bulandshahr

औरंगाबाद के विसुंधरा गांव में तेंदुए की दहशत, वन विभाग अलर्ट.. लगाया गया पिंजरा

बुलंदशहर: औरंगाबाद थाना क्षेत्र के विसुंधरा गांव में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पिछले दो दिनों में तेंदुए को दो बार देखे जाने की खबर है। तेंदुए की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिसने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए कमर कस ली है।

डीएफओ हरेंद्र कुमार के निर्देश पर वन रेंजर अंकित अरोड़ा की अगुवाई में एक विशेष टीम तैनात की गई है। वन दरोगा राजकुमार के अनुसार, तेंदुआ केशव के खेत से होते हुए सुरेंद्र सिंह के खेत में जाता देखा गया। इस स्थान पर वन विभाग ने पिंजरा लगाया है, जिसमें चारे के रूप में मुर्गी रखी गई है। आसपास के खेतों में तेंदुए के एक दर्जन से अधिक पगचिह्न भी मिले हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि सुबह चार बजे भी तेंदुआ दिखाई दिया, जिसके बाद लोग और सतर्क हो गए हैं। डर के चलते ग्रामीण अकेले खेतों में जाने से बच रहे हैं और पशुओं के लिए चारा लाने समूह में जा रहे हैं। वन कर्मियों का कहना है कि तेंदुआ अकेले व्यक्ति पर हमला कर सकता है, भीड़ में नहीं।

डीएफओ हरेंद्र कुमार ने बताया कि एक अतिरिक्त पिंजरा मंगवाया गया है और टीम लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही है। उन्होंने कहा कि तेंदुआ एक जगह ज्यादा देर नहीं ठहरता, इसलिए उसका पीछा करना चुनौतीपूर्ण है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल या खेतों में न जाने की सलाह दी गई है।

ये भी पढ़े: अनूपशहर में स्वर्ग आश्रम के संत के साथ मारपीट, जमीन कब्जाने का आरोप

ये भी पढ़े: बुलंदशहर में आज किसानों का हल्ला बोल: भाकियू (अराजनैतिक) करेगी चक्का जाम, 500 से अधिक ट्रैक्टरों के पहुंचने की संभावना, कलेक्ट्रेट का करेंगे घेराव

हमारी खबरों को साझा करें

अन्य खबरें यहां पढे़