Khabar Bulandshahr

महिला ने पति और ननदों पर लगाए गंभीर आरोप, मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

अनूपशहर: कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति और ननदों पर दहेज उत्पीड़न, गर्भपात कराने और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के पिता ने अपनी बेटी की शादी 1 दिसंबर 2020 को हापुड़ के खैरपुर खैराबाद निवासी आईटीबीपी जवान विक्रम सिंह के साथ की थी। शादी में करीब 20 लाख रुपये खर्च किए गए थे, जिसमें एक कार भी शामिल थी।

दहेज में स्विफ्ट कार की मांग
महिला के अनुसार, शादी के बाद वह अपनी बड़ी ननद के घर गाजियाबाद में रहने लगी। चार-पांच महीने बाद उसकी दोनों ननदें और उनके पति दहेज में स्विफ्ट कार की मांग करने लगे। इस मुद्दे पर कई बार पंचायत हुई, लेकिन मामला नहीं सुलझा। पीड़िता का आरोप है कि जनवरी 2021 में पहली बार गर्भवती होने पर ननदों ने दवाई के बहाने उसका गर्भपात करा दिया।

दूसरा गर्भपात और ससुराल में उत्पीड़न
महिला ने बताया कि इसके बाद पति उसे चंडीगढ़ ले गया, जहां वह दोबारा गर्भवती हुई। 10 जुलाई 2023 को ननदों ने कथित तौर पर जालसाजी कर उसका दूसरा गर्भपात करवाया। पीड़िता ने इसकी शिकायत आईटीबीपी विभाग में की, जिसके बाद पति ने उसे ससुराल छोड़ दिया।

पति की गुमशुदगी और मारपीट
कुछ समय बाद विक्रम सिंह नौकरी छोड़कर लौटा और 20-25 दिन रहने के बाद गायब हो गया। महिला ने थाना पिलखुआ में गुमशुदगी दर्ज कराई, जिसके बाद पति अपनी बहन डौली के घर मिला। आर्थिक परेशानी के कारण महिला 18 जुलाई को अपने मायके चली गई। रक्षाबंधन के दिन पति विक्रम सिंह, दो जीजाओं (हरीश और मनोज) के साथ उसे वापस ले जाने आया। परिवार के लोग व्यस्त होने के कारण महिला अकेली थी। आरोप है कि जब उसने साथ जाने से मना किया, तो तीनों ने उसके साथ मारपीट की। विक्रम सिंह और हरीश ने दुपट्टे से उसका गला दबाने की कोशिश की, जबकि मनोज ने उसका मुंह दबाया। मोहल्ले के दो लोगों के आने पर आरोपी भाग गए। इस घटना में महिला को चोटें भी आईं।

मुकदमा हुआ दर्ज
घटना के बाद पीड़िता अनूपशहर कोतवाली पहुंची और अपने पति विक्रम सिंह, हरीश, और मनोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़े:झगड़ा रोका तो सिकंदराबाद में दुकानदार पर हमला: तमंचे की बट से पीटा.. एक आरोपी की जमकर धुनाई, दूसरे को कुछ दूरी पर पकड़ा

ये भी पढ़े:बुलंदशहर में बच्चों के विवाद ने लिया खूनी रूप, 18 वर्षीय युवक की मौत, 5 घायल… 10 हिरासत में लिए

हमारी खबरों को साझा करें

अन्य खबरें यहां पढे़