Khabar Bulandshahr

बुलंदशहर नगर पालिका परिषद की महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक सोमवार को… हंगामे के आसार

बुलंदशहर: शहर के विकास को नई गति देने वाली बुलंदशहर नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक आगामी सोमवार को आयोजित की जाएगी। यह बैठक दोपहर 1 बजे नगर पालिका सभागार में होगी, जिसमें 50 से अधिक विकास संबंधी प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा और निर्णय लिया जाएगा।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बैठक का मुख्य फोकस 15वें वित्त आयोग से प्राप्त करीब 9 करोड़ रुपये की राशि से होने वाले विकास कार्यों पर होगा। इन कार्यों के टेंडरों को बोर्ड से स्वीकृति दिलाने के लिए प्रस्ताव पेश किए जाएंगे। इसके अलावा, सड़क निर्माण, नालियों की मरम्मत व सफाई, स्ट्रीट लाइट की बेहतर व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति में सुधार, स्वच्छता अभियान और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव एजेंडे में शामिल हैं। कुछ पुराने लंबित प्रस्तावों को भी निपटाने की उम्मीद है, जिससे शहरवासियों को लंबे समय से इंतजार कर रही समस्याओं से राहत मिल सकेगी।

हालांकि, कुछ प्रस्तावों को लेकर विवाद के आसार भी नजर आ रहे हैं। कुछ सभासदों ने आरोप लगाया है कि ये प्रस्ताव जल्दबाजी में तैयार किए गए हैं और पारदर्शिता की कमी है, जिससे बैठक में तीखी बहस हो सकती है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. अश्विनी कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि सभी प्रस्ताव नियमों के पूरी तरह पालन करते हुए तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा, “बोर्ड के सदस्यों की सहमति के बाद ही किसी कार्य को अंतिम स्वरूप दिया जाएगा। हमारा उद्देश्य शहर का सर्वांगीण विकास करना है।”बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी और सभी सभासदों की उपस्थिति अपेक्षित है। यह बैठक बुलंदशहर के निवासियों के लिए एक बड़ा कदम साबित हो सकती है, जहां शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने की दिशा में ठोस निर्णय लिए जाएंगे। शहरवासी इस बैठक से काफी उम्मीदें लगाए बैठे हैं!

ये भी पढ़े:बुलंदशहर में घने कोहरे से जनजीवन ठप, दृश्यता 10 मीटर से भी कम हुई.. सड़क पर हादसों का रहा खतरा… बढ़े पारे ने बढ़ाई ठिठुरन

ये भी पढ़े: बुलंदशहर: PNB बैंक में 1.25 करोड़ की बड़ी ठगी, बैंक मैनेजर और बैंक मित्र सहित 6 शातिर साइबर ठग गिरफ्तार

हमारी खबरों को साझा करें

अन्य खबरें यहां पढे़