बुलंदशहर: त्योहारों और मिशन शक्ति फेज-05 अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। देर रात थाना जहांगीराबाद पुलिस, मिशन शक्ति महिला पुलिस टीम और स्वाट टीम देहात ने अनूपशहर-बुलंदशहर रोड पर बीके पब्लिक स्कूल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान एक शातिर अपराधी को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया।


पुलिस के मुताबिक, रात 27-28 सितंबर 2025 को एक सूचना के आधार पर चेकिंग के दौरान बुलंदशहर की ओर से एक बाइक सवार संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। उसे रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह बाइक को तेजी से मोड़कर भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की आत्मरक्षक फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार बदमाश की पहचान सुहेल उर्फ सोहिल, पुत्र आबिद, निवासी हसनगढ़, थाना खुर्जा देहात, बुलंदशहर के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक अवैध असलहा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की गई। घायल बदमाश को तत्काल सीएचसी जहांगीराबाद में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, सुहेल उर्फ सोहिल एक शातिर चोर और लुटेरा है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, लूट समेत 16 मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लंबे समय से प्रयासरत थी।
ये भी पढ़े:मिलावटी घी के रैकेट का पर्दाफाश, खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो गोदाम सील… 5000 किलोग्राम की सामग्री जब्त