बुलंदशहर/खुर्जा: मामूली किराना व्यापारी सुधीर को आयकर विभाग ने 141 करोड़ 38 लाख 47 हजार 126 रुपये की कर चोरी का नोटिस थमा दिया है। इस नोटिस ने सुधीर और उनके परिवार को सदमे में डाल दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सुधीर का आरोप है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके आधार और पैन कार्ड का दुरुपयोग कर दिल्ली में छह फर्जी कंपनियां बनाईं और उनके नाम पर करोड़ों का फ्रॉड किया।
छोटी सी दुकान, बड़ा फ्रॉड होने का आरोप
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, खुर्जा के नयागंज मोहल्ले में रहने वाले सुधीर पुत्र ओमप्रकाश अपनी छोटी सी किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि 2022 में उनके दस्तावेजों का दुरुपयोग कर दिल्ली में छह फर्जी कंपनियां बनाई गईं। उस समय भी उन्हें नोटिस मिला था, जिसका जवाब वे दे चुके थे। लेकिन 10 जुलाई 2025 को आयकर विभाग ने उन्हें फिर से 141 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री का नोटिस भेजा। सुधीर का कहना है कि उनका इन कंपनियों से कोई लेना-देना नहीं है और यह साइबर ठगी का मामला है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सुधीर की शिकायत पर खुर्जा कोतवाली पुलिस ने कई कंपनियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया है। ये कंपनियां दिल्ली के विभिन्न पतों पर पंजीकृत हैं। कोतवाली प्रभारी पंकज राय ने बताया कि मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही इस साइबर फ्रॉड का खुलासा किया जाएगा।
ये भी पढ़े: बुलंदशहर: स्कूल के तिलक-कलावा फरमान पर विवाद, घुटने पर प्रबंधन
ये भी पढ़े:गुलावठी में अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस-नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई… वसूला 15-15 हजार जुर्माना