शिकारपुर: अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव के जंगल में सोमवार रात आवारा कुत्तों के झुंड ने देश के राष्ट्रीय पक्षी मोर पर हमला कर उसे नोच-नोचकर मार डाला। घटना की सूचना मिलते ही अहमदगढ़ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल वन विभाग को इसकी जानकारी दी। वन विभाग की टीम पशु चिकित्सक के साथ घटनास्थल पर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मोर को मृत घोषित कर दिया। मृत मोर का अंतिम संस्कार तिरंगे में लपेटकर राजकीय सम्मान के साथ किया गया।


अहमदगढ़ थाना प्रभारी प्रेमचंद शर्मा ने बताया कि मृत मोर का पोस्टमॉर्टम किया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद वन विभाग की टीम ने राष्ट्रीय पक्षी के सम्मान में जंगल में ही पूरे राजकीय सम्मान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया। वहीं, यह घटना क्षेत्र में आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे को उजागर करती है, जिसने न केवल स्थानीय लोगों बल्कि वन्यजीवों के लिए भी खतरा पैदा कर दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।