खुर्जा (बुलंदशहर): रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने महिलाओं के लिए निःशुल्क बस सेवा शुरू की है। इस विशेष सुविधा के तहत न केवल बहनें, बल्कि उनके साथ सफर करने वाले सहयोगी भी मुफ्त में एक स्थान से दूसरे स्थान तक यात्रा कर सकते हैं। शुक्रवार सुबह से शुरू हुई यह सेवा रविवार रात तक जारी रहेगी। खुर्जा डिपो से मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, बिजनौर, दिल्ली, कानपुर, एटा, इटावा, मैनपुरी और कौशांबी जैसे विभिन्न रूटों पर 100 से अधिक बसों का संचालन किया जा रहा है।
शासन के निर्देश पर शुरू की गई इस योजना के तहत शुक्रवार सुबह से ही खुर्जा के रोडवेज बस अड्डे पर राखी बांधने जाने वाली बहनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बसों में महिलाओं और उनके सहयोगियों ने सफर शुरू किया। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, बसों में भीड़ बढ़ती गई। इस कारण कई यात्रियों को सीट नहीं मिली और उन्हें खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी। फिर भी, बहनों के चेहरों पर राखी के पर्व को लेकर उत्साह साफ दिखाई दिया।
खुर्जा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) राजेंद्र सिंह ने मीडिया को बताया कि निःशुल्क बस सेवा शुक्रवार सुबह 6 बजे से शुरू हो चुकी है और यह रविवार रात तक उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि इस सेवा का उद्देश्य रक्षाबंधन के मौके पर बहनों को उनके भाइयों तक पहुंचने में सुविधा प्रदान करना है।
ये भी पढ़े: खानपुर में सिपाही के घर चोरी: 15 लाख के आभूषण और 1 लाख नकदी ले उड़े
ये भी पढ़े:हर घर तिरंगा: स्वतंत्रता दिवस पर जिले में 5.40 लाख तिरंगा लहराएंगे, खींचा खाका, तैयारियां जोरों पर