बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा आयोजित सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) और समीक्षा अधिकारी (आरओ) की परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शनिवार को जिलाधिकारी श्रुति और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार सिंह ने शहर के रेनेसां स्कूल और डीपीएस स्कूल स्थित परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण करते डीएम- एसएसपी
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और प्रश्न पत्रों के भंडारण कक्ष की व्यवस्थाओं को बारीकी से जांचा। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोग के दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। डीएम श्रुति ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सतत निगरानी रखी जाए और प्रश्न पत्रों को केवल अधिकृत अधिकारियों की मौजूदगी में ही खोला जाए। वहीं, एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम से परीक्षा कक्षों की निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट में स्थापित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया, जहां से सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जा रही है। यहां उन्होंने व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ऋजुल, जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार, लोक सेवा आयोग के प्रतिनिधि और केंद्र व्यवस्थापक भी मौजूद रहे।
ये खबर भी पढ़े: सड़कों के गड्ढों पर विधायक का वादा, अफ़सरों ने नहीं भरे तो मैं खुद जेसीबी से भरूंगा गड्ढे’