बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की समीक्षा अधिकारी (RO) और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। डीएम श्रुति ने निर्देश जारी किए हैं कि परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर दायरे में फोटो स्टेट मशीनों, स्कैनर, और प्रिंटर की दुकानों को बंद रखने जाए, ताकि नकल या किसी भी अनुचित गतिविधि को रोका जा सके।
परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी
डीएम श्रुति ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में 23 केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा के लिए आयोग की गाइडलाइंस का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खास तौर पर केंद्रों के आसपास 500 मीटर के दायरे में फोटो स्टेट, स्कैनर, और प्रिंटर की दुकानों को पूरी तरह बंद रखने का आदेश दिया गया है। डीएम ने कहा, “यह कदम परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए जरूरी है।”
ये खबर भी पढ़कर देखें:चार शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी के आभूषण बेचकर कमाए 1.40 लाख रुपये बरामद
पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती
डीएम ने एसपी सिटी को निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। आयोग के निर्देशानुसार, हर केंद्र पर एक सब-इंस्पेक्टर, दो पुरुष आरक्षी, दो महिला आरक्षी, और दो होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। साथ ही, सेक्टर, स्टेटिक, और जोनल मजिस्ट्रेट सुबह 6:30 बजे से केंद्रों पर मौजूद रहकर परीक्षा कक्षों का निरीक्षण करेंगे। डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों को भी हिदायत दी कि गोपनीय सामग्री की सील की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं आयोग की गाइडलाइंस के अनुसार पूरी की जाएं।
परीक्षा का समय और व्यवस्थाएं
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) विनय कुमार ने बताया कि परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी। सभी केंद्रों पर सहायक केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, और जोनल मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगा दी गई है। परीक्षा सामग्री को समय पर केंद्रों तक पहुंचाने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
ये खबर भी पढ़े:जहाँगीरपुर पुलिस ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, खोए हुए 8.5 लाख रुपये ढूंढकर लौटाए