बुलंदशहर: खुर्जा क्षेत्र में स्थित परम डेयरी लिमिटेड के बहुचर्चित भूमि विवाद के समाधान व क्षेत्र में विकास की स्थिति परखने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह बुलंदशहर पहुंचे। परम डेयरी के परम नगर, जीटी रोड, खुर्जा स्थित प्लांट में बंद कमरे में उच्चस्तरीय बैठक चल रही है। इस बैठक में परम डेयरी के प्रबंध निदेशक (एमडी) राजीव मित्तल, मंडलायुक्त भास्कर यशोदा, जिलाधिकारी श्रुति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार सिंह, बुलंदशहर विकास प्राधिकरण (बीडीए) की उपाध्यक्ष अंकुर लाठर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं।
परम डेयरी पहुंचे मुख्य सचिव,देखें वीडियो
एनजीटी से जुड़ा है विवाद
परम डेयरी से संबंधित यह भूमि विवाद लंबे समय से चल रहा है और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) से भी जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह इस मामले की गहन समीक्षा और समाधान के लिए स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, वे संबंधित अधिकारियों से बिंदुवार रिपोर्ट लेंगे और मौके पर ही महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। बैठक के बाद मुख्य सचिव द्वारा पत्रकार वार्ता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें इस मामले पर स्पष्टता और अगले कदमों की जानकारी साझा की जाएगी।
ये खबर भी पढ़कर देखें:अनूपशहर में ”विकास की औद्योगिक क्रांति”: हरियाणा टेक्सटाइल का 2000 करोड़ का निवेश, 40,000 रोजगार के अवसर
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्य सचिव के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए परम डेयरी परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जिलाधिकारी, एसएसपी, बीडीए उपाध्यक्ष, और एसपी देहात सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद हैं ताकि समीक्षा प्रक्रिया में कोई अव्यवस्था न हो।
विवाद सुलझा तो बढेगा रोजगार
उद्योग से जुड़े सूत्रों का मानना है कि यदि यह विवाद सुलझ जाता है, तो न केवल परम डेयरी की परियोजना को गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। यह कदम क्षेत्र के आर्थिक विकास और औद्योगिक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
ये खबर भी पढ़े: उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह शुक्रवार को करेंगे निरीक्षण, परम डेयरी और औद्योगिक पार्क पर होगी नजर
ये खबर भी पढ़े: स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में अनूपशहर नगर पालिका ने मारी बाजी, डिबाई सबसे पीछे