बुलंदशहर: सावन मास के पहले सोमवार को सुबह 5 बजे से ही बुलंदशहर के मंदिरों में भगवान शिव के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सावन का पवित्र महीना और सोमवार का विशेष महत्व होने के कारण भक्तों में उत्साह चरम पर है। मान्यता है कि सावन के सोमवार को भगवान शंकर और मां पार्वती के दर्शन कर जलाभिषेक करने और व्रत रखने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
महादेव मंदिर में जल अर्पित करते श्रद्धालु
खुर्जा के सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में भक्ति का माहौल
खुर्जा के प्राचीन सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। भक्तों ने मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। महिलाएं, पुरुष और युवा सभी इस पवित्र अवसर पर भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए।
सुरक्षा में लगे रहे पुलिसकर्मी
पुलिस प्रशासन की रही कड़ी व्यवस्था
भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मंदिरों के आसपास सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए। सिद्धेश्वर महादेव मंदिर के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया ताकि भक्तों को दर्शन में किसी तरह की असुविधा न हो। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखने के लिए विशेष प्रबंध किए, जिससे भक्तों को मंदिर तक पहुंचने में आसानी रही।
ये खबर भी पढ़े: बुलंदशहर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रांसफार्मर चोर गैंग के साथ मुठभेड़, चार बदमाश गिरफ्तार, दो घायल
ये खबर भी पढ़े: शिकारपुर में 2 किलो 70 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार