बुलंदशहर: अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र के नेहरूगंज में दबंगों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। एक मुकदमे में समझौता न करने पर आरोपियों ने शिकायतकर्ता महिला और उसके पति को निशाना बनाया। आरोपियों ने महिला को गन पॉइंट पर लेकर जबरन स्टांप पेपर और सादे कागजों पर हस्ताक्षर कराए। साथ ही कोर्ट में गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता मनोरमा, पत्नी अवधेश, निवासी नेहरूगंज ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि वह एक मुकदमे में वादिनी हैं, जिसमें गांव रूपवास के प्रशांत और संजय उर्फ संजू आरोपी हैं। मनोरमा के अनुसार, दोनों आरोपी लंबे समय से उन पर और उनके पति पर मुकदमे में समझौता करने का दबाव बना रहे थे। जब उन्होंने समझौता करने से इनकार किया, तो आरोपियों ने बदमाशों के जरिए धमकियां देनी शुरू कर दीं। बीती रात मामला तब और गंभीर हो गया। जब प्रशांत, संजय और तीन अज्ञात लोग मनोरमा के घर में घुस आए। आरोपियों ने मनोरमा को गन पॉइंट पर लिया। उन्हें बेड पर गिरा दिया और गोली मारने की धमकी देकर जबरन स्टांप पेपर व सादे कागजों पर हस्ताक्षर करा लिए। इतना ही नहीं, उन्होंने धमकी दी कि अगर मनोरमा कोर्ट में गवाही देने गईं, तो उनकी जान ले ली जाएगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़िता की शिकायत पर अनूपशहर कोतवाली पुलिस ने प्रशांत, संजय और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
ये खबर भी पढ़े: बुलंदशहर में विद्युत कर्मचारियों का हंगामा: निजीकरण के खिलाफ राष्ट्रव्यापी हड़ताल
ये खबर भी पढ़े: बुलंदशहर में पुलिस का बड़ा एक्शन: 4 शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी के गहने, नकदी और हथियार बरामद